जी न्यूज के संपादक सुधीर चौधरी ब्लेकमेलिंग प्रकरण में अभी – अभी जेल की हवा खा कर आये हैं और आजकल फिर सुर्ख़ियों में हैं. लेकिन इस बार वजह कुछ और है. आते ही स्क्रीन पर एक धमाका किया है (ऐसा जी न्यूज और सुधीर चौधरी समझते हैं). धमाका ये हुआ कि सामुहिक दुष्कर्म की शिकार होकर अपनी जान गँवा चुकी दामिनी (काल्पनिक नाम) के बॉयफ्रेंड का इंटरव्यू जी न्यूज पर सुधीर चौधरी ने एक्सक्लूसिव की पट्टी के साथ दिखा दिया.
जी न्यूज से पह्ले किसी भी न्यूज़ चैनल पर इस लड़के का इंटरव्यू या बाईट तक प्रसारित नहीं हुआ था. ऐसा नहीं था कि दूसरे चैनल इस लड़के का इंटरव्यू नहीं ले सकते थे. लेकिन दिल्ली पुलिस के निर्देश, आईबी मिनिस्ट्री की एडवाइजरी और नैतिक दवाब के चलते दामिनी के बॉयफ्रेंड का इंटरव्यू बाकी चैनलों ने करने की कोशिश नहीं की और थाली में परोसकर बॉयफ्रेंड का इंटरव्यू लेने के लिए जी न्यूज़ के सुधीर चौधरी के लिए छोड़ दिया.
सुधीर चौधरी ने इसे लपकने में देर नहीं की और अपने रीलॉन्चिंग के तौर पर इसका इस्तेमाल किया. कुछ लोग इसे बोल्ड स्टेप मान सकते हैं लेकिन ऐसा कर सुधीर चौधरी और ज़ी न्यूज़ की नीयत सिर्फ अपने पिछले कर्मों पर पर्दा डाल सरोकारी चेहरे को फिर से स्थापित करना था.
गौरतलब है कि खबरों की दलाली की कालिख से चैनल और संपादक की साख पूर्णरूपेण नष्ट हो चुकी है. पुण्य प्रसून बाजपेयी जैसे पत्रकार इसी प्रकरण की वजह से ज़ी न्यूज़ छोड़कर चले गए. रही सही कसर चैनल के संपादक के तिहाड़ जेल जाने से पूरी हो गयी.
दरअसल दामिनी कांड सुधीर चौधरी के लिए राहत लेकर आया. सामूहिक दुष्कर्म मामले के पहले ख़बरों में सुधीर चौधरी – ज़ी न्यूज़ ब्लैकमेलिंग प्रकरण था. लेकिन दुष्कर्म मामले के सामने आने के बाद जो जनआक्रोश फूटा , उसमें बाकी सारी ख़बरें शहीद हो गयी.
सुधीर चौधरी और ज़ी न्यूज़ को इससे राहत के साथ - साथ चीजों को दुरुस्त करने का मौका भी मिला. इसी दौरान बड़ी बेशर्मी से जी न्यूज के स्क्रीन पर सुधीर चौधरी की वापसी हुई. कायदे से ऐसे आरोप और जेल जाने के बाद जी न्यूज़ के स्क्रीन पर आरोपमुक्त होने के पहले सुधीर चौधरी को नहीं आना चाहिए था.
लेकिन सारी नैतिकता को ताक पर रखकर सुधीर चौधरी स्क्रीन पर नैतिकता का ढोंग रचाते नज़र आये. ऐसे में दामिनी का बॉयफ्रेंड एक सहारे की तरह सुधीर चौधरी को नज़र आया और उसे उन्होंने भुनाया भी. ज़ी न्यूज़ ने इसे सबसे बड़ी गवाही करार दिया और हरेक मौके पर अपने ब्रांड को चमकाने की कोशिश करता नज़र आया.गौरतलब है कि दामिनी के साथ दुष्कर्म की घिनौनी घटना का एकलौता गवाह गवाह यही लड़का है और अबतक कोर्ट में भी इसकी गवाही नहीं हुई है.
सुधीर चौधरी का बॉयफ्रेंड कैसे और किन परिस्थियों में जी न्यूज से बातचीत करने के लिए तैयार हुआ, यह अभी रहस्य ही है. लेकिन एक अविश्वसनीय मंच से कहीं गयी विश्वसनीय बात भी कई बार संदेह पैदा करती है.
बहरहाल सुधीर चौधरी को तिनके का सहारा मिला है और उसी तिनके के सहारे वे ब्लैकमेलिंग के आरोप के दलदल से निकलने के लिए आतुर हैं. यानी कह सकते हैं कि सुधीर चौधरी का कलंक धोने आया दामिनी का बॉयफ्रेंड ! अबतक दूसरों की इमेज बिल्डिंग के लिए सौदाबाजी करने वाले सुधीर चौधरी अब अपने इमेज को सुधारने और बनाने की कवायद में जुट गए हैं. लेकिन ऐसे दाग किसी भी डिटर्जेंट से धुलते नहीं.
Media Khabar
Staff Writer · Media Khabar