सहारा समय जैसा चैनल है, ठीक वैसे ही वहां कुछ एंकर भी हैं. ये एंकर शक्ल – सूरत में तो ठीक है लेकिन बुद्धि और सोंच – समझ के मामले में पूरे पैदल. भाषा और शब्दों की संवेदना से कोसों दूर.
अब ताजा मामला देखिए. दिल्ली सामूहिक दुष्कर्म मामले में सहारा की एक महिला एंकर ने बस का ही डीएनए टेस्ट करवा दिया. सहारा समय (राष्ट्रीय) पर खबर पढ़ने वाली मोहतरमा एंकर ने सवाल की शक्ल में पूछ लिया कि बस का डीएनए टेस्ट .........!
मोहतरमा का नाम जाने दीजिए. उनका करियर प्रभावित हो जाएगा. हाँ लेकिन जरूर बता सकते हैं कि ये पहले भी ऐसी गलतियाँ करती रही हैं. बहरहाल इस बार मोहतरमा बुरी फंसी और सजा भी मिली.
बस का डीएनए टेस्ट करवाने की एवज में तीन दिनों के लिए सस्पेंड कर दिया गया. जिल्लत झेलनी पड़ी , सो अलग.
देखिए ये तो होना ही था. आखिर लटके – झटके से कोई कितने दिन तक सर्वाइव करेगा. मोहतरमा की पिछले प्रबंधन में मौज थी. उनके सौ खून भी माफ. सो गलतियाँ नज़रअंदाज कर दी जाती थी.
लेकिन नए प्रबंधन में दाल अबतक गल नहीं पायी, सो मैडम जी गलती पकड़ी गयी और सजा भी मिल गयी. वैसे बस का डीएनए टेस्ट हो या न हो, इनका डीएनए टेस्ट जरूर होना चाहिए कि इनके ब्लड में एंकर / पत्रकार का डीएनए है भी कि नहीं.
वैसे सहारा के क्षेत्रीय चैनल के एक एंकर ने उत्साह में भरकर दिल्ली सामुहिक बलात्कार केस के बारे में टिप्पणी कर दी कि ऐसा तो जानवर भी नहीं करते. इसपर भी एंकर को जवाब – तलब किया गया है. बहरहाल सहारा के एंकरों और भी ढेरों कहानियां है, जो आगे भी आपको बताते रहेंगे. फिलहाल के लिए इतना ही.
Media Khabar
Staff Writer · Media Khabar