“एक भारतीय आत्मा” पी.आर.एस.आई. अवॉर्ड से सम्मानित
पब्लिक रिलेशंस सोसाइटी ऑफ इंडिया (पी.आर.एस.आई.) जनसंपर्क प्रोफेशनल्स का एक प्रतिष्ठित संगठन है। भारत में इसकी स्थापना 1958 में की गई थी। यह संगठन अंतरराष्ट्रीय जनसंपर्क संघ का सदस्य है। पी.आर.एस.आई. प्रतिवर्ष ऑल इंडिया पब्लिक रिलेशंस कॉन्फ्रेंस का आयोजन करता है। जिसमें जनसंपर्क गतिविधियों को विभिन्न श्रेणी में पुरस्कृत किया जाता है। इन पुरस्कारों के अंतर्गत बेस्ट कॉरपोरेट फिल्म की केटेगरी में वर्ष 2014 का पी.आर.एस.आई. अवॉर्ड विश्वविद्यालय की फिल्म “एक भारतीय आत्मा” को दिया गया है। फिल्म में दादा माखनलाल चतुर्वेदी के स्वतंत्रता संग्राम में किए गए योगदान के साथ-साथ पत्रकारीय योगदान की व्याख्या करते हुए पत्रकारिता विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं अकादमिक गतिविधियों को दर्शाया गया है।
जयपुर में 19 से 21 दिसम्बर 2014 को सम्पन्न पब्लिक रिलेशंस कांफ्रेंस में यह अवॉर्ड राजस्थान विधानसभा के अध्यक्ष श्री कैलाश मेघवाल के द्वारा प्रदान किया गया। इस अवसर पर पी.आर.एस.आई. के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अजीत पाठक एवं अन्य अतिथिगण उपस्थित थे। इस अवॉर्ड के लिए निर्णायक मण्डल ने राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्य सूचना आयुक्त श्री वजाहत हबीबुल्ला, गोवा एवं केन्द्रशासित प्रदेशों के संयुक्त बिजली नियामक आयोग के अध्यक्ष श्री एस.के.चतुर्वेदी, मोदी इंटरप्राइजेस के ग्रुप प्रेसीडेंट श्री सार्थक बेहुरिया, केन्द्रीय सूचना आयुक्त श्री एम.श्रीधर, पी.आर.एस.आई. के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अजीत पाठक, महासचिव सुश्री सुमिता सिंह एवं कोषाध्यक्ष सुश्री निवेदिता बेनर्जी शामिल थे।