मुंबई- हाफ गर्लफ्रेंड फिल्म चर्चा में है. वैसे तो ये एक लव स्टोरी है लेकिन इसका तानाबाना भाषाई रेशों से बुना गया है. माधव झा की भूमिका में फिल्म के मुख्य अभिनेता अर्जुन कपूर अंग्रेजी भाषा से जूझते दिखाई देते हैं. लेकिन बॉलीवुड अभिनेता अर्जुन कपूर का कहना है कि उनकी आने वाली फिल्म 'हाफ गर्लफ्रेंड' देखने के बाद दर्शक अपनी भाषा के महत्व को समझने लगेंगे।
मोहित सूरी के निर्देशन में बनी ‘हाफ गर्लफ्रेंड’ इसी नाम से चेतन भगत के उपन्यास पर आधारित फिल्म है। फिल्म में अर्जुन कपूर और श्रद्धा कपूर ने मुख्य भूमिका निभायी है।अर्जुन कपूर ने कहा कि ‘हाफ गर्लफ्रेंड’ से लोग अंग्रेजी के बजाए अपनी स्थानीय भाषा जानने के महत्व पर बहस शुरू कर सकते हैं।
अर्जुन कपूर ने कहा “फिल्म में मेरे किरदार को अंग्रेजी भाषा बोलने में परेशानी होती है, लिहाजा मैं समझता हूं कि फिल्म देखने के बाद लोग अंग्रेजी के बदले अपनी स्थानीय भाषा जानने के महत्व के बारे में बातचीत शुरू कर देंगे।हमारे देश में, कोई फर्क नहीं पड़ता कि आप कितने ज्ञानी हैं। लेकिन यदि आप अंग्रेजी भाषा बोलने में सहज नहीं हैं, तो लोग आपको तुच्छ समझने लगते हैं।यह शर्मनाक है।
” अर्जुन कपूर ने कहा “अंग्रेजी जानना अच्छी बात है, लेकिन हमें अपनी भाषा बोलने में क्यों शर्मिदगी महसूस होनी चाहिए? क्यों लोग केवल इसके कारण आपके प्रति राय बनाते हैं?” एकता कपूर निर्मित यह फिल्म 19 मई को रिलीज होगी।
M
Media Khabar
Staff Writer · Media Khabar
