प्रवीण दुबे
भाजपा की आज की रैली के राजनैतिक निहितार्थ और उससे जुडी खबर जहां करना थी, कर दी। यहाँ बात बदइन्तजामों की। भाजपा ने करोडो रूपये इस रैली को सफल बनाने के लिए फूंके। कई तरह के डिजायनर पंडाल बनवाये लेकिन पत्रकारों को चटख धूप के नीचे खुले आसमान में जगह दी।
ग़नीमत थी कि आसमान साफ़ था, नहीं तो सभी के कैमरे बारिश की भेंट चढ़ जाते। दिन भर सिर तपकर खौल गया। जाने क्या कारण था जो ऐसी अजीबो-गरीब व्यवस्था की गई थी।
उस पर इतने उदंड कार्यकर्त्ता जो पत्रकारों के लिए नियत "बीपीएल" वाले स्पेस पर भी कब्जा कर रहे थे। इतनी धक्का मुक्की कि कैमरे को साबुत बचाए रखना मुश्किल था। मसला मोदी से जुड़ा था और मोदी नेशनल मीडिया की सुर्खियाँ बनते हैं,लिहाज़ा हम सभी ने लगभग छह घंटे से ज्यादा धूप में "तप" किया, वरना कोई आधे घंटे भी वहां नहीं टिकता।
संभवतया प्रदेश भाजपा ये जानती थी कि मीडिया सिर्फ मोदी को ही जगह देगा, शिवराज जी और उनके लग्गू-भग्गू पर नज़र जायेगी ही नहीं, फिर क्यूँ उनके लिए अच्छी व्यवस्था की जाए...? मेरे भाई...सिर के ऊपर एकाध कपडे का ही सही, टेंट तो लगवा देते...?
(Pravin Dubey के फेसबुक वॉल से साभार)
M
Media Khabar
Staff Writer · Media Khabar