शुभांकर
समाचार चैनलों द्वारा आसाराम की अंधाधुंध कवरेज पर कुछ टिप्पणियाँ :
1.आजतक की ख़बरें देखकर मासूमियत से आप सोंचेंगे तो एक बार लगेगा कि आजतक आसाराम के बहाने धर्म के नाम पर चल रहे पाखंड को मिटाना चाहता है और इसलिए ताबड़तोड़ ख़बरें चला रहा है. लेकिन माफ कीजियेगा ऐसा बिल्कुल भी नहीं. पूरा मामला टीआरपी रेस में अव्वल नंबर पर बने रहने की है. बताते चले कि आजतक ही वह चैनल है जिसने सबसे पहले धार्मिक कार्यक्रम 'धर्म' नाम से शुरू किया था.
2.आसाराम से बड़े पाखंडी समाचार चैनल हैं. आसाराम के खिलाफ आज जितनी ख़बरें दिखाई जा रही वह ख़बरें पहले कहाँ दफ़न थी?
3.न्यूज़ चैनलों ने इस साल 'आसाराम' को 'रावण' करार दिया. आजतक ने फोटोशॉप की मदद से आसारम को दस सिरों वाला रावण के रूप में भी दिखा दिया. उस हिसाब से तो इंडिया न्यूज़ के दीपक चौरसिया शायद अपने आप को राम समझ रहे होंगे. आखिर आसाराम को ही पकड़ कर दीपक, इंडिया न्यूज़ को दस नंबर से चार नंबर पर ले आए.
4.निर्मल बाबा की तरह आसाराम ने भी समाचार चैनलों को विज्ञापन दे दिया होता तो क्या आसाराम के खिलाफ ऐसे ही ख़बरें चलती?
5.समाचार चैनलों की कमाई का बड़ा हिस्सा उनपर चलने वाले विज्ञापनों से आता है. यही वजह है कि पावर प्राश से लेकर निर्मल बाबा तक का विज्ञापन समाचार चैनलों पर बेधड़क चलता है. ख़ैर इसपर कोई आपत्ति नहीं. लेकिन यह पाखंड क्यों किया जा रहा है? एक तरफ आसाराम की दिन - रात रगड़ाई और दूसरी तरफ निर्मल बाबा का विज्ञापन कई चैनलों पर चल रहा है. क्या वाकई समाचार चैनल धर्म के नाम पर फैले पाखंड को खत्म करना चाहते हैं या फिर उनका एजेंडा कुछ और है?
मीडिया विश्लेषक विनीत कुमार की कुछ टिप्पणियाँ :
1. आसाराम पर लगातार और धुंआधार कवरेज सामाजिक जागरुकता के बजाय मीडिया की निजी खुन्नस और इगो का नतीजा है. शुरुआती दौर में आसाराम और उनके अनुयायियों ने एक के बाद एक चैनलों का जिस तरह मजाक उड़ाया, हुज्जत की..वो खबर और स्पेशल प्रोग्राम की शक्ल में हमारे सामने है. अगर इस खबर का संबंध पाखंड़, अंधविश्वास और यौन उत्पीड़न के खिलाफ लोगों को जागरुक करने से होता तो वो उसी निर्मल बाबा के विज्ञापन को उसी रफ्तार से नहीं चला रहे होते. अब ये निजी खुन्नस थोड़ी ठंडी पड़ती कि आज फिर अनुयायियों द्वारा मीडिया के कैमरे तोड़े जाने की घटना ने और मामले को हरा कर दिया..इस पूरे प्रकरण को मैं आसाराम से कहीं ज्यादा पीआर एजेंसी की हार मानता हूं.
2. आसाराम को लेकर कोई अपडेटस देखने होते हैं, मैं सीधे इंडिया न्यूज पर जाता हूं. जैसे बिजनेस की खबर के लिए सीएनबीसी आवाज या इटी नाउ..इसे कहते हैं चैनल की ब्रांडिंग..बकवास तो लगभग सारे चैनल दिखाते हैं लेकिन इसी में कोई अलग से पहचान बना ले रहा है तो बड़ी बात है..नहीं तो इंडिया न्यूज को पूछता था कौन ?
M
Media Khabar
Staff Writer · Media Khabar